“स्कूल में बच्चों को नहीं मिल रहा मध्यान भोजन, नाराज छात्र पहुंचे प्रखंड कार्यालय”
विजयीपुर/गोपालगंज:
विजयीपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरपुर में मध्यान भोजन योजना में अनियमितता का मामला सामने आया है। विद्यालय के दर्जनों छात्र-छात्राएं गुरुवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बच्चों का आरोप है कि विद्यालय में नियमित रूप से एमडीएम यानी मध्यान भोजन नहीं बनाया जा रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों ने बताया कि कई दिनों से स्कूल में भोजन व्यवस्था बाधित है। इसको लेकर बच्चों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रखंड कार्यालय पहुंचे छात्रों ने प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रवि मिश्रा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नरेश उपाध्याय से टेलीफोनिक संपर्क किया गया, लेकिन उनकी ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर बच्चों के हक का मध्यान भोजन बंद क्यों है और जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी कब टूटेगी?












