गोपालगंज में पंचायत सहयोग शिविर: डीएम समीर सौरभ ने ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी, टीबी जांच कराने की अपील
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज जिले के सभी प्रखंडों में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने सिधवलिया प्रखंड की मोहम्मदपुर पंचायत में आयोजित शिविर में पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद किया और विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर को संबोधित करते हुए डीएम ने बताया कि जिले में टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों की समय पर टीबी जांच अवश्य कराएं, ताकि बीमारी की शीघ्र पहचान कर प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक प्रखंड में एक-एक मॉडल स्कूल की शुरुआत की गई है। इन विद्यालयों में मेधावी विद्यार्थियों का चयन प्रतियोगिता के माध्यम से किया जाएगा। अभिभावकों से उन्होंने अपने बच्चों का आवेदन कराकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए डीएम ने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने महिलाओं से जीविका समूहों से जुड़कर स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
शिविर में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। डीएम ने कहा कि इनका समय पर पंजीकरण एवं निर्गत कराना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं और अन्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा उन्होंने राशन कार्ड से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र परिवारों को समय पर आवेदन करने और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की जानकारी देकर पात्र लाभुकों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
डीएम समीर सौरभ ने कहा कि पंचायत सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, आवेदन प्राप्त किए और उनके शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिलाया।












