एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह के निर्देश पर सभी प्रखंडों में अभियान तेज, पात्र परिवारों से लिए गए आवेदन, त्वरित सत्यापन के दिए निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले में “मिशन 13 अगस्त” के तहत नए राशन कार्ड निर्माण के निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी, गोपालगंज सदर डॉ. प्रेरणा सिंह के निर्देश पर 16 जुलाई 2026 को अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंडों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं आपूर्ति निरीक्षक महादलित टोलों में पहुंचे और राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों से नए राशन कार्ड के लिए आवेदन प्राप्त किए।अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को चिन्हित करना है, जो अब तक राशन कार्ड से वंचित हैं। अधिकारियों ने लाभुकों को राशन कार्ड के महत्व, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों को आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।
एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं आपूर्ति निरीक्षकों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सत्यापन के बाद पात्र लाभुकों का राशन कार्ड शीघ्र निर्गत किया जाए, ताकि उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिशन 13 अगस्त के तहत चलाया जा रहा यह अभियान पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जा रहा है। लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र परिवार खाद्य सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।












