गुप्त सूचना पर पुलिस ने कमनपुरा गांव में की छापेमारी, दोनों आरोपियों के घर से चोरी की बाइक बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 21/22 जुलाई 2026 की रात गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि कमनपुरा गांव में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखी गई हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी की। पुलिस को देखकर एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे मौके पर ही दबोच लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई। उसके घर की तलाशी लेने पर एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
आशीष की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के ही गुलाब मियां के घर पर छापेमारी की। वहां से भी एक अन्य चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि दोनों बाइक चोरी की हैं और वे उनके वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले में मांझागढ़ थाना कांड संख्या 321/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, इस चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जिले में वाहन चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












