गोपालगंज में उच्च शिक्षा की नई उड़ान: 9 प्रखंडों में खुले राजकीय डिग्री कॉलेज, अब ग्रेजुएशन के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोपालगंज। जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सौगात मिली है। अब स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दूसरे शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोपालगंज जिले के 9 प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का लोकार्पण किया। इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। जिले के कटेया, विजयीपुर, फूलवरिया, उचकागांव, बैकुंठपुर, सिधवलिया, मांझा, बरौली और पंचदेवरी प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ हुआ। इन कॉलेजों के शुरू होने से अब ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की मजबूरी नहीं रहेगी।
कटेया, विजयीपुर और पंचदेवरी में आयोजित उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी समीर सौरभ एवं बिहार सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने कॉलेजों का उद्घाटन किया। वहीं सिधवलिया और बैकुंठपुर में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी कार्यक्रम में शामिल हुए। बरौली और मांझा में बरौली विधायक मंजीत सिंह तथा अपर समाहर्ता अजय कुमार की उपस्थिति रही। कॉलेजों के उद्घाटन के बाद छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों का कहना है कि अब विशेष रूप से बेटियों और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं स्नातक शिक्षा से जुड़ सकेंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की यह पहल गोपालगंज के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है। इससे जिले में उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा, नामांकन में वृद्धि होगी और ग्रामीण युवाओं को बेहतर भविष्य, रोजगार तथा आत्मनिर्भर बनने का नया अवसर मिलेगा।












