गोपालगंज में ‘मेक ग्रीन इंडिया’ का संदेश: महिला एवं बाल विकास निगम व वन प्रमंडल के संयुक्त प्रयास से हुआ भव्य पौधारोपण
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में मंगलवार को गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर प्रखंड स्थित दिघवा धाम गढ़ देवी स्थान परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास निगम, गोपालगंज द्वारा वन प्रमंडल गोपालगंज के सहयोग तथा मनीन्द्र प्रसाद मेमोरियल वेलफेयर एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के माध्यम से आयोजित किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित वातावरण का निर्माण करना था। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उपस्थित लोगों ने उनकी देखभाल का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के जेंडर स्पेशलिस्ट श्री मुन्ना कुमार शर्मा, श्री अनिल कुमार ठाकुर, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ श्री ओम प्रकाश ठाकुर, लेखा सहायक श्री मुकेश कुमार साह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।कार्यक्रम की सफलता में मनीन्द्र प्रसाद मेमोरियल वेलफेयर एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव श्री राकेश पटेल की विशेष भूमिका रही। उन्होंने पौधारोपण के लिए विभिन्न प्रकार के पौधे उपलब्ध कराए और ग्रामीणों को “Make Green India” का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी सुरक्षा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए कहा कि “एक पौधा, एक जीवन” के संकल्प के साथ हर व्यक्ति यदि पौधारोपण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।












