इमरजेंसी वार्ड और एनएसीयू की जांच में कई अनियमितताएं उजागर, अनुपस्थित चिकित्सक समेत संबंधित कर्मियों से मांगा गया स्पष्टीकरण।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए सिविल सर्जन ने आधी रात औचक निरीक्षण किया। इस दौरान इमरजेंसी वार्ड एवं एनएसीयू (NACU) का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में ड्यूटी व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. रामाकांत अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। वहीं एनएसीयू में ड्यूटी रोस्टर के विपरीत दूसरे चिकित्सक कार्य करते मिले। इस पर सिविल सर्जन ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित चिकित्सकों एवं जिम्मेदार कर्मियों से तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया।
सिविल सर्जन ने स्पष्ट कहा कि मरीजों की सुरक्षा और इमरजेंसी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी का पालन करें, अन्यथा नियमों के तहत कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण के बाद सदर अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों के बीच हड़कंप का माहौल है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो सकती है। अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।












