हत्या के प्रयास, शराब तस्करी और वारंट मामलों में बड़ी कार्रवाई, 81,500 रुपये का यातायात जुर्माना भी वसूला गया।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज पुलिस ने अपराध एवं शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे समकालीन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलेभर से कुल 33 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 29 जुलाई 2026 को चलाए गए विशेष अभियान में हत्या के प्रयास, चोरी, शराब तस्करी और वारंटियों के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हत्या के प्रयास के 8, चोरी के 1, शराब तस्करी के 6, शराब सेवन के 10, विविध कांडों के 2, कांड वारंटी के 1 तथा ट्रायल वारंटी के 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 626 लीटर देसी एवं 30.24 लीटर विदेशी शराब, यानी कुल 656.24 लीटर अवैध शराब बरामद की। साथ ही 23 जमानतीय और 29 अजमानतीय वारंटों का निष्पादन किया गया। इसके अतिरिक्त 3 इश्तेहार, 1 कुर्की का भी निष्पादन किया गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 81,500 रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं अन्य बरामदगी में 3 मोटरसाइकिल और 1 कार भी जब्त की गई।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध, शराब तस्करी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











