सिधवलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास मामले के दो नामजद आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । गोपालगंज जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिधवलिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के चर्चित मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिधवलिया थाना कांड संख्या 144/26 में दर्ज हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में पुलिस ने नामजद अभियुक्त शिवम कुमार तथा अमित शाह को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं, जिनमें हत्या के प्रयास सहित अन्य संगीन अपराध शामिल हैं, के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार करते हुए आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।












