महम्मदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 108.8 लीटर अवैध शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महम्मदपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 80 लीटर स्प्रिट एवं 28.8 लीटर देसी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान महम्मदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घोघराहा में खेत के समीप छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। मौके से गोविंद राय, पिता स्वर्गीय रामअयोध्या राय, निवासी घोघराहा, थाना महम्मदपुर, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा उससे पूछताछ कर शराब के नेटवर्क और अन्य संभावित तस्करों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पूरे मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
“शराब तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रही गोपालगंज पुलिस, अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज।”












