धनेश्वरनाथ सिंहाशनी श्रावणी मेला-2026 के सफल आयोजन हेतु एसडीओ, एसडीपीओ समेत प्रशासनिक अधिकारियों का संयुक्त निरीक्षण, समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
धनेश्वरनाथ सिंहाशनी श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को गोपालगंज सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा संबंधित थाना प्रभारी ने मेला क्षेत्र का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले की तैयारियों का गहन जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, पेयजल, शौचालय, एम्बुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रावणी सोमवारी पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी को प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को अनिवार्य रूप से मेला परिसर में उपस्थित रहकर तैयारियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को उनके दायित्वों एवं जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तृत रूप से ब्रीफ करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मेला परिसर में हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।












