औद्योगिक विकास को नई गति देने की पहल, उद्योग संचालकों को हरसंभव सहयोग का भरोसा; नियमित निरीक्षण के लिए एसडीओ को दिए निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज : जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और औद्योगिक इकाइयों के बेहतर संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) ने गुरुवार को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) अंतर्गत हथुआ औद्योगिक क्षेत्र के फेज-01 एवं फेज-02 का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का दौरा कर उत्पादन व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और वैधानिक मानकों के अनुपालन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने M/s Sukh Sansar Rice Industry Private Limited, M/s Bharat Petroleum Corporation Limited, M/s Medicon Ventures, Raj Enterprises तथा M/s Weldtube Engineers Private Limited का भ्रमण किया। उन्होंने इकाइयों में संचालित गतिविधियों, उत्पादन प्रक्रिया, साफ-सफाई और आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति का अवलोकन किया।
जिला पदाधिकारी ने सभी उद्योग संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखें तथा सभी आवश्यक लाइसेंस, प्रमाण-पत्र एवं अन्य वैधानिक दस्तावेजों को अद्यतन रखते हुए निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप इकाइयों का संचालन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का पालन प्रत्येक औद्योगिक इकाई के लिए अनिवार्य है।
डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी, हथुआ को भी निर्देशित किया कि वे समय-समय पर BIADA औद्योगिक क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करें और उद्योगों के समक्ष आने वाली समस्याओं की समीक्षा कर उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उद्योग संचालकों से संवाद करते हुए डीएम समीर सौरभ ने कहा कि जिला प्रशासन जिले में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी उद्योग को संचालन से संबंधित कोई प्रशासनिक या अन्य समस्या आती है तो उसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दें, ताकि उसका शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, गोपालगंज भी उपस्थित रहे। उन्होंने उद्योगों के विकास और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सुझाव दिए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों की सक्रियता से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और गोपालगंज के औद्योगिक विकास को नई दिशा एवं गति मिलेगी।












