युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की पहल, तिवरिया स्थित गांधी इंटर महाविद्यालय मैदान में होगा रोजगार-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज जिले के बेरोजगार युवाओं और युवतियों के लिए अच्छी खबर है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, गोपालगंज द्वारा आगामी 12 अगस्त 2026 को एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जाएगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह रोजगार मेला तिवरिया स्थित गांधी इंटर महाविद्यालय के मैदान में आयोजित होगा। मेले में अब तक 20 से अधिक निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेने की सहमति दी है। आयोजन के दौरान युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे तथा करियर और कौशल विकास से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियां इस मेले का लाभ उठा सकें, इसके लिए समाचार पत्रों, सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण-पत्र एवं बायोडाटा के साथ रोजगार मेले में शामिल होने की अपील की है।
यह रोजगार मेला जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।











