सम्राट अशोक भवन में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर डाला गया प्रकाश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
बिहार सरकार के “सेवा, संकल्प और समर्पण” के 100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को गोपालगंज के सम्राट अशोक भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय एवं जिले के अन्य वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशासन सेवा, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर आम जनता के कल्याण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियां विकास, सुशासन और जनसेवा के प्रति उसकी मजबूत प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
समारोह में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उल्लास और देशभक्ति का वातावरण बना रहा।












