प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में निर्माणाधीन योजनाओं की हुई गहन समीक्षा, बाधाओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव

गोपालगंज। जिले में संचालित विकास परियोजनाओं को गति देने और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (PMG) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राज्य संपोषित योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए ठोस रणनीति बनाई गई। बैठक के दौरान पथ निर्माण विभाग, पुल निर्माण विभाग, बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (BSRDC), भवन प्रमंडल, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम तथा बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति, भूमि उपलब्धता, तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं सहित अन्य समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न हो रही है, उनका विभागीय समन्वय के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी हो सकें।
डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, आपसी समन्वय और कार्यों की सतत समीक्षा करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर जिले की विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, भू अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार सहित संबंधित विभागों के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।












