“सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित जनता दरबार में डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश—लापरवाही पर होगी कार्रवाई
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज:
बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “सबका सम्मान, जीवन आसान” के तहत सोमवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता के दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं, जिन पर डीएम ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनवाई करते हुए कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराने का निर्देश दिया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान ही सुशासन की असली पहचान है और सभी अधिकारी पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करें।
जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, सड़क निर्माण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, जनकल्याणकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। सभी मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं को सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष रखने की व्यवस्था की सराहना की और त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई।












