आंतरिक संसाधन समीक्षा बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा, बकाया वसूली तेज करने और समन्वय के साथ कार्य करने के दिए निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। समाहरणालय सभा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे राजस्व संग्रह एवं आंतरिक संसाधनों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने सभी विभागों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि राजस्व संग्रह सरकार की विकास योजनाओं के सुचारु संचालन का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी विभाग राजस्व वसूली में तेजी लाएं तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने बकाया राजस्व की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने, विभागवार प्रगति की नियमित समीक्षा करने और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के माध्यम से राजस्व वृद्धि पर विशेष जोर दिया।
डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। राजस्व संग्रह में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रत्येक विभाग अपनी कार्ययोजना बनाकर समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
बैठक में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, राजस्व शाखा प्रभारी दिलीप कुमार, नीलाम शाखा प्रभारी अजय कुमार सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राजस्व संग्रह की गति बढ़ाने और आंतरिक संसाधनों को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।












