2012 के अपहरण मामले में न्यायालय के आदेश पर पूर्वी चंपारण के रक्सौल में हुई कुर्की की कार्रवाई, विधि-सम्मत प्रक्रिया का किया गया पालन।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। गोपालगंज पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2012 के चर्चित अपहरण मामले के फरार आरोपी की संपत्ति कुर्क की। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश के आलोक में पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र स्थित आरोपी के आवास पर की गई।
पुलिस के अनुसार कटेया थाना कांड संख्या 134/2012, धारा 363/34 भारतीय दंड संहिता (अपहरण) के अभियुक्त नीरज मिश्रा, पिता शिवनंदन मिश्रा, निवासी आश्रम रोड पंचारी, वार्ड संख्या-09, थाना रक्सौल, जिला पूर्वी चंपारण, लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में 19 जुलाई 2026 को उसकी चल-अचल संपत्ति की विधिसम्मत कुर्की की गई।
कुर्की अभियान के दौरान पुलिस टीम ने घर में मौजूद विभिन्न घरेलू सामानों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पूरी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों एवं निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया कि फरार एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपराधियों की सूचना देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि कानून से बचने वालों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।












