जनता के दरबार में 32 फरियादियों की समस्याएं सुन डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने जनता के दरबार में जिलेभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही, टालमटोल या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपनी समस्या लेकर प्रशासन के पास पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात सम्मानपूर्वक और पूरी गंभीरता से सुनी जाए तथा नियमानुसार जल्द से जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए।
भूमि विवाद से लेकर एफआईआर और वाहन से जुड़ी शिकायतें
जनता दरबार में भूमि विवाद, एफआईआर, बंसवाड़ी तथा वाहन मुक्त कराने सहित विभिन्न मामलों को लेकर फरियादी पहुंचे। पंचदेवरी प्रखंड के बरचा निवासी नरेश राम ने भूमि विवाद, मांझा प्रखंड के गौसिया निवासी सोनू कुमार राम ने एफआईआर तथा भोरे प्रखंड के पिपरा निवासी जानकी देवी ने भूमि विवाद से संबंधित शिकायत रखी।
वहीं सिधवलिया प्रखंड के कोसी गोरा निवासी रमन कुमार ने बंसवाड़ी से जुड़ी समस्या, बैकुंठपुर प्रखंड के फैसल शाहपुर निवासी जगदीश दास ने भूमि विवाद तथा पूर्वी चंपारण के चकिया निवासी वसीमुद्दीन अली ने वाहन मुक्त कराने को लेकर आवेदन दिया।
अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश
डीएम ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के पास भेजते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कई मामलों में उन्होंने स्वयं संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर जानकारी लेकर मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवेदकों को समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों के निष्पादन की वास्तविक प्रगति की निगरानी करते हुए आवश्यक फॉलोअप भी सुनिश्चित किया जाए।
“फरियादियों को सम्मानपूर्वक सुनना प्रशासन की जिम्मेदारी”
जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि अपनी समस्या लेकर आने वाला प्रत्येक नागरिक जिला प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है। जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता, लापरवाही या विलंब की प्रवृत्ति को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। जहां तत्काल राहत संभव हो, वहां बिना अनावश्यक विलंब के कार्रवाई की जाए।
सरकारी कर्मियों के लिए मिलने का निर्धारित समय
डीएम ने बताया कि सरकारी कर्मी यदि उनसे मिलना चाहते हैं तो इसके लिए दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 5 बजे तक का समय निर्धारित है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान की व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि समयबद्ध, निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से जनता की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, भू-अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।












