आपदा से निपटने को गोपालगंज तैयार: प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने की बाढ़, सुखाड़ और हीट वेव की समीक्षा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज में संभावित बाढ़, सुखाड़ और भीषण गर्मी (हीट वेव) की चुनौतियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शनिवार को समाहरणालय सभा कक्ष में बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि आपदा की किसी भी स्थिति में आम जनता को त्वरित सहायता पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में सूबे के शिक्षा मंत्री श्री मिथलेश तिवारी, ग्रामीण कार्य मंत्री श्री सुनील कुमार सहित जिले के कई माननीय विधायक, विधान परिषद सदस्य और आला अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले के छह अंचल (बैकुंठपुर, सिधवलिया, बरौली, मांझा, गोपालगंज एवं कुचायकोट) संभावित बाढ़ से प्रभावित हो सकते हैं। इससे निपटने के लिए प्रशासन ने मुकम्मल इंतजाम किए हैं, बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए 41 सरकारी, 62 निजी और मत्स्य विभाग की 103 नावों (कुल 206) को तैयार रखा गया है। 24,670 पॉलीथीन शीट का स्टॉक सुरक्षित है।आपात स्थिति के लिए 162 मानव राहत शिविर और 273 सामुदायिक रसोई केंद्रों को चिन्हित कर लिया गया है। जिले में SDRF की टीम पहले से तैनात है और जल्द ही NDRF की टीम भी कमान संभाल लेगी। सभी तटबंध और स्लूइस गेट पूरी तरह सुरक्षित हैं। बैठक में मुख्य रूप से बरौली विधायक श्री मंजीत कुमार सिंह, गोपालगंज विधायक श्री सुभाष सिंह, एमएलसी श्री वीरेंद्र प्रसाद नारायण सिन्हा, एमएलसी श्री जनक राम, जिलाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर समाहर्ता श्रीमती राजेश्वरी पाण्डेय सहित जिला 20 सूत्री समिति के उपाध्यक्ष, सदस्यगण और सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।












