थानाध्यक्ष के नाम पर केस से मुक्ति दिलाने का झांसा देकर अवैध वसूली करने वाला जालसाज गिरफ्तार, एक लाख रुपये और मोबाइल जब्त!
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। गोपालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है जो पुलिस अधिकारियों के नाम पर लोगों को ठगने का काम कर रहा था। आरोपी ने विजयीपुर थाना प्रभारी के नाम पर एक अभियुक्त को केस से मुक्त कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की अवैध मांग की थी। मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 14.06.2026 को विजयीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विजयीपुर थाना कांड संख्या 182/26 के एक अभियुक्त को मामले से मुक्त कराने का प्रलोभन देकर दो लाख रुपये की अवैध वसूली/मांग किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विजयीपुर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की गहन जांच प्रारंभ की गई। जांच और तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर यह बात सामने आई कि आरोपी ने मोबाइल नंबर 9576241989 एवं 9984998499 के माध्यम से झांसा देकर एक लाख रुपये प्राप्त कर लिए थे। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 195/26 (दिनांक 17.06.2026) दर्ज कर नामजद अभियुक्त को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान संतोष विश्वकर्मा (पिता- हंसनाथ विश्वकर्मा), निवासी ग्राम- जिगना दीक्षित, थाना- भटनी, जिला- देवरिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में अभियुक्त ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उसके पास से अपराध में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद गोपालगंज पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, धोखाधड़ी अथवा भ्रामक गतिविधि के झांसे में न आएं। यदि कोई भी व्यक्ति ऐसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत गोपालगंज पुलिस हेल्पलाइन नम्बर– 9031827299 पर दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












