नौतन में बारिश होने से किसानों में खुशी, फसलों को विशेष लाभ
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन प्रखंड क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में अनुकूल समय पर अच्छी बारिश हुई है। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। अधिकांश किसान समय पर धान की रोपनी करने में सफल रहे हैं। बारिश के सही समय पर होने से किसानों को पैसे की अच्छी बचत हुई है। डीजल पर निर्भरता कम होने से उनकी लागत घटी है और अच्छी फसल की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। धान की रोपनी को लेकर इस बार किसान काफी चिंतित थे। डीजल की महंगाई और खेत तक पानी पहुंचाने के लिए प्रति घंटे 300 रुपये तक की मांग ने उनकी परेशानी बढ़ा रखी थी। लेकिन इंद्र देव की मेहरबानी से समय-समय पर बारिश होती रही, जिससे किसान बिना अतिरिक्त खर्च के अपनी धान की फसल लगाने में व्यस्त रहे। बारिश ने न केवल धान बल्कि मक्का समेत अन्य फसलों के लिए भी संजीवनी का काम किया है। किसान अब बेहतर पैदावार की उम्मीद लगाए बैठे हैं।












