कानपुर में फर्जी डिग्री फैक्ट्री का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार
किदवई नगर, कानपुर :-बिना पढ़ाई डिग्री दिलाने का झांसा देकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। “सेल ग्रुप ऑफ एजुकेशन” के नाम पर चल रहे इस रैकेट का नेटवर्क 9 राज्यों के 14 विश्वविद्यालयों तक फैला बताया जा रहा है। बी.टेक, बी.एड, बी.फार्मा जैसी प्रोफेशनल डिग्रियों से लेकर बोर्ड की मार्कशीट और सनद तक का अवैध कारोबार किया जा रहा था।
कानपुर पुलिस ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी में भारी मात्रा में नकली डिग्रियां, मार्कशीट, मुहरें और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह युवाओं को कम समय में “गारंटीड डिग्री” दिलाने का लालच देकर मोटी रकम वसूलता था।
इस पूरे मामले पर रघुबीर लाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा,
“शिक्षा के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और फर्जी दस्तावेज लेने वालों की भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
शिक्षा व्यवस्था को कलंकित करने वाले इस फर्जी साम्राज्य पर पुलिस की कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है—
अब डिग्री नहीं, काबिलियत ही असली पहचान होगी।











