तटबंध पूरी तरह सुरक्षित, अधिकारियों को 24×7 निगरानी और आपदा प्रबंधन संसाधन हर समय तैयार रखने के निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले में संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) ने सरफरा बांध, डुमरिया घाट तथा विभिन्न छरकियों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तटबंधों की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तटबंधों एवं छरकियों की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की क्षति, रिसाव या तकनीकी समस्या की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतें और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने सेंट्रल गोदाम का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता और रखरखाव की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी संसाधनों को अद्यतन रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
निरीक्षण के बाद प्रशासन ने बताया कि सरफरा बांध, डुमरिया घाट सहित जिले के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। कहीं भी कटाव, रिसाव या किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन लगातार तटबंधों की निगरानी कर रहा है तथा बाढ़ सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
प्रशासन का संदेश: “बाढ़ सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग अलर्ट मोड में रहें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखें।”












