विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई, पश्चिम चंपारण निवासी आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुचायकोट थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के मनियार दुर्गा स्थान रोड पर वाहन जांच के दौरान एक बोलेरो वाहन से 246 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि शराब की तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश यादव, पिता गौरी यादव, निवासी मलदहिया पोखरिया, थाना-शिकारपुर, जिला-पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। कुचायकोट थाना पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा आरोपी से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।












