गोपालगंज: पंचायत सहयोग शिविर में पहुंचे डीएम समीर सौरभ, टीबी जांच, मॉडल स्कूल और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले के सभी प्रखंडों में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने बैकुंठपुर प्रखंड के कतालपुर पंचायत में आयोजित पंचायत सहयोग शिविर में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में टीबी (क्षय रोग) स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं एवं अपने परिवार के सदस्यों की टीबी जांच अवश्य कराएं, ताकि बीमारी की समय पर पहचान कर बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक प्रखंड में एक-एक मॉडल स्कूल की शुरुआत की गई है। इन विद्यालयों में प्रतियोगी प्रक्रिया के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों का नामांकन किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने की अपील की।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि महिलाएं सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने जीविका समूहों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक महिलाओं से जीविका से जुड़कर स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
डीएम ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के समय पर पंजीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ये महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं, जिनकी जरूरत विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने में होती है।
उन्होंने राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान, पात्र लाभुकों के नए राशन कार्ड बनाने तथा त्रुटियों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पात्र वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांग लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कतालपुर पंचायत में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।












