✍️ गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन
पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय बलेसरा में कक्षा 6 नामांकन शुरू, 31 जुलाई तक करें आवेदन
✍️ गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले के प्रतिष्ठित सरकारी आवासीय विद्यालयों में शामिल पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, बलेसरा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में नामांकन प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इच्छुक छात्र-छात्राएं अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
विद्यालय के प्राचार्य सुधाकर शुक्ला ने बताया कि अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट navodaya.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अंतिम समय में वेबसाइट पर बढ़ने वाले ट्रैफिक और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
स्थानीय छात्रों को ही मिलेगा आवेदन का मौका
समिति के अनुसार केवल उसी जिले के छात्र संबंधित जिले के नवोदय विद्यालय में आवेदन करने के पात्र होंगे, जहां के वे मूल निवासी हैं। साथ ही अभ्यर्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिले के किसी सरकारी अथवा सरकार से मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5 में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। इसके अलावा छात्र ने कक्षा 3 एवं 4 की पढ़ाई भी मान्यता प्राप्त विद्यालय से पूरी की हो।
अभिभावकों को देना होगा अनिवार्य शपथ पत्र
इस वर्ष आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों को आवेदन के साथ एक शपथ पत्र भी जमा करना होगा, जिसमें आवेदन में दी गई सभी जानकारियों की सत्यता की पुष्टि करनी होगी।
एक नजर में महत्वपूर्ण जानकारी
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 31 जुलाई 2026
प्रवेश परीक्षा: 28 नवंबर 2026
आयु सीमा: जन्म 01 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच
आवेदन वेबसाइट: navodaya.gov.in
हेल्पलाइन: 7000472661, 9934021272
ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए बेहतरीन अवसर
जवाहर नवोदय विद्यालय अपनी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, पूर्णतः नि:शुल्क आवासीय सुविधा, भोजन, पुस्तकें, वर्दी, खेलकूद, एनसीसी और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। ऐसे में ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए यह सुनहरा अवसर है कि वे समय रहते आवेदन कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहला कदम बढ़ाएं।












