नौकरी दिलाने के नाम पर ₹11.07 लाख की ठगी, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में गोपालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को सचिवालय के टेक्नोलॉजी विभाग का ऑफिस इंचार्ज बताकर पीड़ित के दोनों पुत्रों को नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
मामला नगर थाना कांड संख्या-830/2026, दिनांक 19 अगस्त 2026 से संबंधित है। पीड़ित अजय कुमार गुप्ता, निवासी हजाम टोली, नियर रामनाथ शर्मा मार्ग, थाना नगर, जिला गोपालगंज ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र की दुर्घटना में मृत्यु के बाद वह पटना हाईकोर्ट आते-जाते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रजनीश कुमार नामक व्यक्ति से हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पीड़ित से अलग-अलग माध्यमों से कुल ₹11,07,500 की राशि प्राप्त की। राशि आरोपी, उसकी पत्नी और भाई के विभिन्न बैंक खातों/यूपीआई के माध्यम से भेजी गई।
आरोपी ने नौकरी का विश्वास दिलाने के लिए पीड़ित के दोनों पुत्रों के SSC MTS Non-Technical Examination-2024 के परीक्षा परिणाम में हेरफेर कर फर्जी/कूटरचित परिणाम तैयार करने की बात भी सामने आई है। इससे पीड़ित को नौकरी मिलने का विश्वास दिलाया गया।
बाद में जब पीड़ित ने अपनी पूरी राशि वापस लेने का प्रयास किया, तो आरोपी रजनीश कुमार, पे० प्रेमचंद प्रसाद, साकिन मनकररिया, थाना पहाड़पुर, जिला पूर्वी चंपारण को गोपालगंज बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी के गोपालगंज पहुंचने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से विधिवत पूछताछ की गई, जिसमें उसने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
रजनीश कुमार, पिता—प्रेमचंद प्रसाद, साकिन—मनकररिया, थाना—पहाड़पुर, जिला—पूर्वी चंपारण।
गोपालगंज पुलिस की अपील: नौकरी दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे देने से पहले पूरी तरह सत्यापन करें और ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।












