कुचायकोट पुलिस की बड़ी सफलता: हत्या के प्रयास मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुचायकोट थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के चर्चित मामले में नामजद मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कुचायकोट थाना कांड संख्या-353/26 में नामजद आरोपी विनोद साह (पिता- चनन साह, निवासी- हरदेव मठिया, थाना- कुचायकोट, जिला- गोपालगंज) को उसके घर से विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं, जिनमें हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं भी शामिल हैं, के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।












