गोपालगंज में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 31.1 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
गोपालगंज: जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 31.1 ग्राम गांजा जैसे मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 4 जून 2026 की शाम वाहन जांच और गश्ती के दौरान सूचना मिली कि मुसहरी बाजार में एक व्यक्ति अपनी गुमटी से गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ हथुआ और विजयीपुर थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान नवाब अंसारी के रूप में बताई। कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से गांजा जैसी मादक सामग्री की कई पुड़ियां बरामद हुईं।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल 31.1 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
इस संबंध में विजयीपुर थाना कांड संख्या 177/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।












