सावन में शिवभक्तों के लिए बड़ी सौगात: थावे-गोपालगंज होकर चलेगी देवघर स्पेशल ट्रेन, बाबा बैद्यनाथ धाम जाना होगा आसान
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने श्रावणी मेला 2026 को देखते हुए बढ़नी–देवघर–बढ़नी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन थावे और गोपालगंज होकर संचालित होगी।
इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से गोपालगंज, थावे एवं आसपास के हजारों शिवभक्तों को अब देवघर पहुंचने के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और सुगम हो जाएगी।
रेलवे के इस निर्णय से सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने जाने वाले श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोपालगंज से देवघर पहुंचते हैं, लेकिन सीधी ट्रेन की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी। अब इस विशेष ट्रेन के संचालन से उनकी यात्रा काफी आसान हो जाएगी।
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह विशेष व्यवस्था की है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
हर-हर महादेव! बोल बम के जयघोष के बीच अब गोपालगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा होगी और भी सरल।











