कुचायकोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 साल पुराने चोरी कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । जिले में अपराध नियंत्रण और लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कुचायकोट थाना पुलिस ने वर्ष 2018 के चर्चित चोरी कांड के एक फरार नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान कुचायकोट थाना कांड संख्या 157/18 (दिनांक 01 जून 2018) में भारतीय दंड संहिता की धारा 379 के तहत दर्ज मामले के प्राथमिक अभियुक्त कृष्णा सिंह को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान जारी है। ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है।
गोपालगंज पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












