जादोपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से 414 लीटर देसी शराब बरामद, तस्कर फरार।
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जादोपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक कार से 414 लीटर देसी शराब बरामद करते हुए वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर मौजा, टोला तीन मुहानी के समीप पुलिस टीम ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में 414 लीटर देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन को विधिवत जब्त कर लिया है। फरार चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।












