गोपालगंज: श्रीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 279 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, श्रीपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम-श्रीपुर कंटा के पास पुलिस ने नाकेबंदी की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। कार के अंदर से कुल 279 लीटर देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से शराब तस्करी में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान पवन कुमार गुप्ता, पिता- अशोक गुप्ता (साकिन- मिश्र खजुरिया, थाना- भोरें, जिला- गोपालगंज) तथा राजेश कुमार गोंड, पिता- स्व० नंद जी साह (साकिन- मिश्र बतराहा, थाना- श्रीपुर, जिला- गोपालगंज) के रूप मे हुई है। शराब की खेप ले जा रही कार को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












