गोपालगंज: श्रीपुर पुलिस ने पिकअप वैन से 09 मवेशी किए बरामद; 03 तस्कर गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में श्रीपुर थाना पुलिस ने 09 मवेशियों को मुक्त कराया है और साथ ही तीन तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, श्रीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्र बतराहा में पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उसमें क्रूरतापूर्वक लादे गए 09 मवेशी बरामद हुए। पुलिस ने तत्काल मवेशियों को अपने कब्जे में ले लिया और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सिराज आलम, पिता- मोहम्मद अजीम (निवासी: शाहपुर बतराहा, थाना- श्रीपुर), नसरुद्दीन शाह, पिता- कमरुद्दीन शाह (निवासी: शाहपुर बतराहा, थाना- श्रीपुर), कुर्बान आलम, पिता- नजर शाह (निवासी: लाछपुर, थाना- गोपालपुर) के रूप मे हुई है। इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध तस्करी और अपराध के विरुद्ध इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।












