भोरे पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14.71 ग्राम स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज: जिले के भोरे थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.71 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को गश्ती के दौरान भोरे थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि खजुराहा स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप स्मैक की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस वाहन को देखकर एक संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 14.71 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने इस अवैध कारोबार से जुड़े दूसरे व्यक्ति का नाम बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीरबल प्रजापति (संसार बतरिया, थाना-भोरे) एवं अशोक सिंह (लामीचौर, थाना-भोरे) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने मादक पदार्थ के अवैध कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। भोरे थाना में कांड संख्या 325/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












