बैकुंठपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास कांड के एक प्राथमिकी अभियुक्त को दबोचा, आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बैकुंठपुर थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के दर्ज मामले में नामजद एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार बैकुंठपुर थाना कांड संख्या 366/26, दिनांक 24 जुलाई 2026, में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हत्या के प्रयास मामले में नामजद अभियुक्त परसा ठाकुर, पिता झिझरी ठाकुर, निवासी सिरसा मानपुर, थाना बैकुंठपुर, जिला गोपालगंज को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त से आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
