गोपालगंज की बंद नल-जल योजनाओं को तीन दिनों में चालू करने का आश्वासन, अधूरी योजनाएँ जल्द होंगी पूरी; कृषि शिक्षा को लेकर भी सरकार से मांगा जवाब।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
बरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंजीत कुमार सिंह ने गुरुवार को बिहार विधानसभा में जनहित से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों—ग्रामीण पेयजल आपूर्ति और कृषि शिक्षा—को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने तारांकित प्रश्न संख्या 18/03/744 तथा अल्पसूचित प्रश्न संख्या 18/03/742 के माध्यम से गोपालगंज जिले में बंद पड़ी नल-जल योजनाओं, अधूरी जलापूर्ति योजनाओं तथा कृषि महाविद्यालयों की आवश्यकता का मुद्दा सरकार के समक्ष रखा।
सरकार की ओर से दिए गए जवाब में बताया गया कि गोपालगंज जिले में विभिन्न कारणों से बंद 33 नल-जल योजनाओं को अगले तीन दिनों के भीतर पुनः चालू किया जाएगा तथा आवश्यक मरम्मत कार्य लगातार कराया जाएगा।
इसके अलावा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के अंतर्गत स्वीकृत 26 जलापूर्ति योजनाओं को पूर्ण कर जलापूर्ति शुरू किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं पंचायती राज विभाग (PRD) के तहत निविदा निष्पादित 280 टोलों में से 49 योजनाएँ पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष कार्य एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कृषि शिक्षा के संबंध में सरकार ने बताया कि सारण जिले में कृषि महाविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। साथ ही गोपालगंज, सारण और सिवान के किसानों को कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज और वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में गोपालगंज सहित संबंधित जिलों में नए कृषि महाविद्यालय की स्थापना का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
विधायक मंजीत कुमार सिंह ने कहा कि वे बरौली विधानसभा सहित पूरे क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, किसानों के हितों और युवाओं के बेहतर भविष्य से जुड़े हर मुद्दे को बिहार विधानसभा में मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि “जनता की आवाज़ ही मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और जनहित के हर मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करना मेरा दायित्व है।”












