8 साल बाद फरार बाइक चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, कटेया के चर्चित बाइक चोरी कांड का नामजद आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज। गोपालगंज पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे एक नामजद आरोपी की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता मिली है। कटेया थाना क्षेत्र में वर्ष 2018 में हुए चर्चित मोटरसाइकिल चोरी कांड के फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 2 सितंबर 2018 को कटेया थाना क्षेत्र के दुर्गाचक गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले में कटेया थाना कांड संख्या 274/2018 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार नामजद आरोपी पिंटू चौहान (पिता–राजमंगल चौहान), निवासी कटेया थाना क्षेत्र, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, इस कांड में पहले ही दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद की जा चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।












