गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई, अवैध शराब के खिलाफ जिले में लगातार चल रहा है विशेष अभियान
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के जमुनाहा हाई स्कूल एवं दूधीना पुल के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 59 लीटर देसी शराब बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा शराब तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रियांशु कुमार गोस्वामी (थाना गोपालपुर), मुमताज अंसारी (थाना कटेया) तथा छोटू यादव (थाना विजयीपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी मोटरसाइकिल के माध्यम से अवैध शराब की खेप ले जा रहे थे, तभी वाहन जांच के दौरान उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बरामद शराब और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। इस मामले में कटेया थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
कटेया थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।












