पुलिस कार्यालय गोपालगंज में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर शुरू हुई नियमानुसार कार्रवाई
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज । पुलिस कार्यालय, गोपालगंज में शुक्रवार को पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र एवं निष्पक्ष निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पुलिस कार्यालय, गोपालगंज में प्रत्येक कार्य दिवस सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना और पुलिस-जन संवाद को अधिक प्रभावी बनाना है।
गोपालगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या होने पर निर्धारित समय में पुलिस कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रखें, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जा सके।












