मांझागढ़ में मारपीट व फायरिंग कांड का खुलासा: पुलिस की त्वरित कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज: जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल था, लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 05 मार्च 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे मांझागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोइनी बाबू टोला में दो पक्षों के बीच बातचीत के दौरान विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज, मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मांझागढ़ थाना कांड संख्या 94/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) एवं थानाध्यक्ष मांझागढ़ के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंजीत सिंह (पिता–चन्द्रभान राय), अभिषेक सिंह (पिता–बलीन्द्र सिंह) और गणेश सिंह (पिता–स्व. वशिष्ठ सिंह) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी कोइनी बाबू टोला, थाना–मांझागढ़, जिला–गोपालगंज के निवासी बताए जाते हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच और पूछताछ की जा रही है तथा आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।











