महिलाओं को 33% टिकट देने की मांग, कांग्रेस नेत्री ने शीर्ष नेतृत्व को लिखा पत्र
बांदा। उत्तर प्रदेश में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की मांग को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य श्रीमती आदिशक्ति दीक्षित ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित कराया है।
उन्होंने अपने पत्र के माध्यम से कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय से आगामी चुनावों में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने की मांग की है।
श्रीमती दीक्षित ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लोकसभा, विधानसभा, एमएलसी, जिला पंचायत, नगर पालिका और ग्राम पंचायत चुनावों में कम से कम 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका कहना है कि किसी भी सरकार को बनाने और बदलने में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम होती है, क्योंकि चुनावों में 50 प्रतिशत से अधिक महिलाएं मतदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी यदि अधिक से अधिक महिलाओं को चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो पंचायत से लेकर विधानसभा तक महिलाओं का सशक्तिकरण मजबूत होगा और उत्तर प्रदेश में पार्टी के सरकार बनाने का सपना भी साकार हो सकेगा।
कांग्रेस नेत्री के इस पत्र के बाद प्रदेश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
रिपोर्ट: सनम, बांदा











