थावे मंदिर चोरी कांड: गोपालगंज पुलिस ने वापस लौटाई मां की आभा, मंदिर समिति को सौंपे गए बरामद आभूषण।
गोपालगंज।। आस्था और न्याय की जीत का एक शानदार उदाहरण पेश करते हुए गोपालगंज पुलिस ने थावे दुर्गा मंदिर चोरी कांड में बरामद किए गए सभी आभूषणों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मंदिर प्रबंधन समिति को सौंप दिया है। 26 फरवरी 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (SP) विनय तिवारी की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ यह प्रक्रिया संपन्न हुई। मंदिर समिति के सदस्यों ने सभी आभूषणों का मिलान और भौतिक सत्यापन किया, जिसके बाद उन्हें मंदिर के खजाने में सुरक्षित जमा कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग और दस्तावेजीकरण किया गया ताकि विधि-सम्मत तरीके से काम पूरा हो सके। जब पुलिस अधीक्षक स्वर्ण आभूषणों को लेकर मंदिर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। मंदिर प्रबंधन ने इसे पुलिस की बड़ी सफलता और कानून के प्रति जनता के विश्वास की जीत बताया है।











