विद्यालय में पथराव कांड में त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज | 25 फरवरी 2026
गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में विद्यालय परिसर में पथराव और शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार की घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 फरवरी 2026 को ग्राम रतनपुर स्थित मंगल सिंह हाई स्कूल में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किए जाने एवं शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गोपालगंज एवं थानाध्यक्ष गोपालपुर मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
इस मामले में गोपालपुर थाना कांड संख्या 71/26 दर्ज कर विधिवत अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के क्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपी गोलू मांझी (पिता–विश्वकर्मा मांझी), निवासी बैजलहा, थाना–गोपालपुर, जिला–गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय जैसे संवेदनशील स्थान पर अशांति फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य है।











