शंकराचार्य प्रकरण को लेकर कांग्रेस का ज्ञापन, सरकार पर साधा निशाना
बादा से सनम की रिपोर्ट

बांदा (उप्र) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी, बांदा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ प्रदेश की उत्तर प्रदेश सरकार के इशारे पर मनगढ़ंत तरीके से यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि माघ मास के दौरान गंगा स्नान के लिए जाते समय शंकराचार्य को मेला प्रशासन और पुलिस द्वारा रोका गया तथा उनके साथ और शिष्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे संत समाज और आम जनमानस में आक्रोश है।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि एक कथित हिस्ट्रीशीटर द्वारा विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई कराई गई, जिसे पार्टी ने निराधार और असत्य बताया। नेताओं का कहना है कि सनातन परंपरा के सर्वोच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने मांग की कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
उन्होंने दो टूक कहा— “साधु-संतों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”











