विश्रामपुर गोली कांड में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, दो आरोपी गिरफ्तार, बाकियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में तीन दिन पहले हुए गोली कांड में नौतन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपितों को धर दबोचा है। उक्त जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरी कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र में विश्रामपुर गांव निवासी हृदयानंद पटेल द्वारा दो दिन पूर्व में लिखित आवेदन देकर बताया गया कि दर्जन भर अपराधियों द्वारा उनके घर पर गोलीबारी की गई है। वादी द्वारा छह लोगों को नामजद एवं चार अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उक्त मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चौथे दिन थाना क्षेत्र के विरुद्ध स्थानों पर छापेमारी कर दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में थाना क्षेत्र के खलवां गांव निवासी भोला सिंह उर्फ अनुज कुमार सिंह तथा विश्रामपुर गांव निवासी प्रवीण कुमार उर्फ विधायक शामिल हैं। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी इकट्ठा की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुछताछ में बहुत से अन्य तथ्यों की जानकारी भी प्राप्त हुई है, जिसकी गोपनीयता बरतते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में शामिल अन्य अज्ञात अपराधियों की पहचान भी कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बता दें कि अपराधियों द्वारा थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में दो दिनों तक लगातार गोलीबारी कर तांडव मचाया था, जिसको लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं दो आरोपितों की गिरफ्तारी से ग्रामीणों ने थोड़ी राहत की सांस ली है। मौके पर थानाध्यक्ष शशि रंजन, एसआई रितेश कुमार, पीएसआई धीरज कुमार, एसआई प्रिया कुमारी, एएसआई मुकेश कुमार, पीटीसी नवेन्दू कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।











