सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो डालकर युवती को धमकाने का मामला, प्राथमिकी दर्ज
भोरे/गोपालगंज।
भोरे थाना क्षेत्र के राजपुर वार्ड संख्या-04 की रहने वाली एक युवती को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो डालकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता शिल्पी कुमारी ने भोरे थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उसके ही गांव का निवासी रबुद्दीन आलम पिछले करीब तीन वर्षों से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो अपलोड कर रहा है।
पीड़िता के अनुसार अभियुक्त फेसबुक पर “Rabbudin alam / Aman Kumar” तथा इंस्टाग्राम पर “bikash 740084” नामक आईडी से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर रहा है और मोबाइल नंबर 8294018778 से उसे तथा उसके परिजनों को लगातार भेज रहा है। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़िता ने बताया कि धमकी से संबंधित वॉयस रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य उसके पास सुरक्षित हैं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पूछताछ करने पर अभियुक्त अपनी संलिप्तता से इनकार करते हुए एक अन्य युवक को जिम्मेदार बता रहा है, जिससे आपराधिक साजिश की आशंका जताई गई है। लगातार मानसिक प्रताड़ना से पीड़िता अत्यंत भयभीत है और पूर्व में आत्महत्या का प्रयास भी कर चुकी है। हाल के दिनों में 20 दिसंबर 2025 से उसे फिर से परेशान किया जा रहा है।
इस मामले में भोरे थाना कांड संख्या 16/26 दिनांक 08/01/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया अकाउंट्स, मोबाइल नंबर और डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।












