श्री श्री माँ दुर्गा मंदिर न्यास समिति की बैठक संपन्न
श्री श्री माँ दुर्गा मंदिर न्यास समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंदिर से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली तथा आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण पर निर्णय लिए गए।
बैठक में मंदिर में कार्यरत कर्मचारियों के विषय में समीक्षा की गई। कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को निष्कासित करने तथा उनके स्थान पर नये कर्मचारियों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। साथ ही पुराने एवं कार्यरत कर्मियों के मानदेय में वृद्धि की गई। इसके अतिरिक्त कर्मियों को वर्ष में दो बार पोशाक उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया।
मंदिर की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने हेतु मंदिर परिसर में Automatic Light के साथ 32 नये HD CCTV कैमरे लगाए जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही मंदिर परिसर में दो नये वॉच टावर के निर्माण का भी प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि मंदिर के गर्भगृह किसी भी व्यक्तिय का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। इसके साथ ही थावे मंदिर एवं थावे माता के नाम पर संचालित अवैध सोशल मीडिया पेजों को बंद कराने की कार्रवाई किए जाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी, एलडीएम, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थावे तथा श्री श्री माँ दुर्गा मंदिर न्यास समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।












