पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई, बरौली और माधोपुर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस प्रशासन ने कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक (SP) ने कार्य में लापरवाही और अनियमितता बरतने के आरोप में जिले के दो थानाध्यक्षों पर गाज गिराते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।एसपी की इस कार्रवाई की जद में एनिमा राणा: थानाध्यक्ष, बरौली तथा सौरभ सुमन: थानाध्यक्ष, माधोपुर आए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों के खिलाफ लंबे समय से कार्य में लापरवाही और अनियमितता की शिकायतें मिल रही थीं। विभागीय समीक्षा के दौरान पाया गया कि पुलिसिंग के मानकों और केस के निष्पादन में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई। प्रशासनिक अनुशासन को बनाए रखने के लिए एसपी ने दोनों को थानों से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है।
इस कार्रवाई से जिले के अन्य थाना प्रभारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। एसपी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जनता की समस्याओं के प्रति उदासीनता और कार्यों में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लाइन हाजिर किए जाने के बाद अब इन थानों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी चल सकती है।












